जबलपुर, विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिये केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिलाने के लिये 12 जनवरी से 31 मार्च तक के संकल्प से समाधान भियान का आज स्वामी विवेकानंद की जयंती से जिले में प्रारंभ हुआ। चार चरणों के इस अभियान में ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिये वार्ड स्तरीय समितियों का गठन किया गया है। आवेदन एवं शिकायतों के एकत्रीकरण के लिए भी दल गठित किये गये हैं। अभियान की सम्पूर्ण कार्यवाही सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संपादित
की जायेगी।
अभियान का प्रथम चरण
संकल्प से समाधान अभियान का प्रथम चरण 12 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा। पंचायत अथवा नगरीय क्षेत्र में वार्ड स्तर पर आवेदन और शिकायतों के एकत्रीकरण के लिए गठित दल शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन व शिकायतों को शिविर लगाकर या घर-घर जाकर एकत्रित करेंगे। नोडल अधिकारी का यह दायित्व होगा कि वह अपने लॉगिन से सभी आवेदनों को पोर्टल
पर दर्ज करे। पोर्टल पर दर्ज करने के बाद सभी आवेदनों को क्लस्टर स्तर के अधिकारी के पास जमा किया जाएगा। क्लस्टर स्तर के अधिकारी आवेदनों को विभागवार संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिये प्रेषित कर निराकरण की स्थिति प्राप्त करेगा। अभियान के प्रारंभिक चरण में प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा जिलेवार कलेक्टर एवं कमिश्नर की वीडियो कांफ्रेंसिंग से समय-समय पर की जाएगी।
अभियान का दूसरा चरण
अभियान का दूसरा चरण 16 फरवरी से 16 मार्च तक चलाया जायेगा। द्वितीय चरण में प्रथम चरण में प्राप्त आवेदन के साथ शेष आवेदन पत्रों के निराकरण के लिये शिविर लगाए जाएंगे। क्लस्टर में पंचायतों की संख्या का निर्धारिण जिले में स्थित पंचायतों की संख्या के हिसाब से आवश्यकतानुसार 15 से 30 ग्राम पंचायतों का समूह में किया जाएगा।
तीसरा चरण
समाधान से संकल्प अभियान का तीसरा चरण 16 मार्च से 26 मार्च तक चलेगा। इस चरण में क्लस्टर अथवा जोन लेवल पर अनिराकृत आवेदन व शिकायतों एवं नवीन प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किये जायेंगे। इन शिविरों में किए गए निराकरणों को ब्लॉक लेवल नोडल अधिकारी द्वारा पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
चतुर्थ चरण
संकल्प से समाधान अभियान का चतुर्थ चरण 26 मार्च से 31 मार्च तक चलाया जायेगा। इसमें जिला स्तर पर शिविर आयोजित कर समस्त अनिराकृत शेष आवेदन व शिकायती आवेदनों के साथ नवीन प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। जिला स्तर के शिविर की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा की जाएगी। प्रभारी मंत्री द्वारा हितग्राहियों एवं लाभार्थियों को जिला स्तरीय समारोहों में सम्मान पूर्वक हितलाभ वितरण किया जायेगा। संकल्प से समाधान अभियान से संबंधित संपूर्ण कार्यवाही पोर्टल के माध्यम से ही संपादित की जाएगी। पोर्टल में एक पृथक माड्यूल तैयार कर अधिकारियों एवं नागरिकों के लिए लॉगिन बनाने की
सुविधा दी जाएगी।
नागरिक भी दर्ज कर सकेंगे पोर्टल पर आवेदन
शिविर में भाग लेने के लिए पोर्टल पर नागरिक शिविर के पूर्व अपनी सुविधानुसार शिविर रोस्टर से शिविर का चयन कर अपना आवेदन पोर्टल पर दर्ज कर पंजीयन कर सकेंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर जिन आवेदनों का निराकरण कल्स्टर लेवल पर किया जा सकता है उन्हें हितलाभ वितरण क्लस्टर लेवल शिविर में प्रदान किया जाएगा। शिविर में प्राप्त होने वाले अथवा शिविर के ठीक पूर्व पोर्टल पर दर्ज होने वाले नवीन आवेदनों को भी विचार में लिया जाएगा और उनका विधिवत निराकरण किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त समस्त आवेदनों का अंतिम निराकरण 31 मार्च तक अनिवार्य
रूप से कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे।








