कटनी –जिले के झिंझरी स्थित पुलिस लाइन मैदान में 13 फरवरी से शुरू हो रही भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली ने 5 हजार 374 युवाओं को आमंत्रित किया गया है। जिनका अलग-अलग दिनों में शारीरिक पात्रता परीक्षण किया जाएगा और स्वास्थ्य मानकों तथा दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर चयन किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर पुलिस लाइन मैदान में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। यातायात प्रबंधन पेयजल की समुचित व पर्याप्त उपलब्धता, शौचालय व्यवस्था, दौड़ हेतु मैदान का समतलीकरण, फायरब्रिगेड वाहन सहित एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ के साथ-साथ व्यवस्था के नजरिये से कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों के तैनाति की गई है।
अग्निवीर भर्ती रैली में
कटनी सहित जबलपुर, अनुपपूर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिले के युवा शामिल होंगे। शनिवार 14 फरवरी को झिंझरी पुलिस लाइन में अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सिवनी बालाघाट व मंडला जिले के 548 युवा चयन होने के लिए अपना भाग्य आजमाएंगे इसी प्रकार 15 फरवरी को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर व डिंडौरी के 762 युवा आएंगे जबकि 16 फरवरी को रीवा जिले के 843 युवा और 17 फरवरी को सतना जिले के 783 युवाओं को आमंत्रित किया गया है। इसी प्रकार 18 फरवरी को जबलपुर, कटनी, शहडोल, उमरिया एवं अनुपपूर जिलों के 785 युवाओं और 19 फरवरी को सभी 15 जिलों के 730 युवा विभिन्न प्रकार के शारीरिक परीक्षण में शामिल होंगे इसी प्रकार दिनांक 20 फरवरी को सभी जिलों के 638 युवा और 23 फरवरी को मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ के सभी जिलों के 285 महिला प्रतिभागी अग्निवीर भर्ती रैली में चयनित होने के लिए शामिल होंगी। भर्ती रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल डयूटी, तकनीकि, क्लर्क और ट्रेडसमेन पदों के लिए चयन किया जाएगा। रैली में शामिल होने वाले अभ्यार्थियों को एडिमट कार्ड, नवीनता पासपोर्ट साइज फोटो सभी आवश्यक दस्तावेज और मोबाईल से लिंक आधार नंबर लाना अनिवार्य होगा।उल्लेखनीय है कि इस भर्ती रैली में शामिल प्रतिभागियों ने सेना के कामन इंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। झिंझरी में आयोजित रैली में इन्हीं युवाओं का फिजिकल, मेडिकल टेस्ट के साथ-साथ दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।









