कटनी– जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने 4 आदतन अपराधियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए इन्हें हर माह संबंधित पुलिस थाना में दो दिन उपस्थिति देने का आदेश पारित किया है।
श्री तिवारी ने आदतन अपराधियों के विरूद्ध यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर किया है। जिसमें ग्राम जिर्री थाना ढीमरखेड़ा निवासी महेश यादव उम्र 35 साल के द्वारा लगातार वर्ष 2013 से अपराध किया जा रहा है। इसके विरूद्ध विभिन्न प्रकार के 10 प्रकरण दर्ज है। लोक व्यवस्था बनाए रखने कलेक्टर श्री तिवारी ने महेश यादव को 4 माह की अवधि तक दो दिवस प्रतिमाह की 1 एवं 16 तारीख को पुलिस थाना ढीमरखेड़ा में उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार बरापार हाल निवासी भटिया मोहल्ला थाना कैमोर उम्र 40 साल मिथलेश कोल उर्फ गुड्डू की आपराधिक प्रवृतियों के मददेनजर कलेक्टर ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिकारियों के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करते हुए लगातार 6 माह की अवधि तक हर माह की 16 तारीख को उपिस्थिति दर्ज कराने का आदेश पारित किया है।
इसके अलावा पाठक वार्ड भट्टा मोहल्ला थाना रंगनाथ नगर उम्र 34 साल दीपक उर्फ गोलू ठाकुर के आपराधिक कृत्यों पर रोक लगाने कलेक्टर श्री तिवारी ने 2 माह की अवधि तक 2 दिन प्रत्येक माह की 1 एवं 16 तारीख को थाना रंगनाथ नगर में हाजिरी लगाने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार कंटगीकलॉ थाना एनकेजे निवासी राकेश चौधरी उम्र 46 वर्ष के विरूद्ध वर्ष 2007 से अगस्त 2025 तक कुल 8 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है। राकेश चौधरी द्वारा क्षेत्र में गुंडागर्दी आंतक फैलाने जैसे कृत्य किए जाने की वजह से कलेक्टर ने राकेश चौधरी को पुलिस थाना एनकेजे में लगातार 2 माह तक दो दिन प्रतिमाह 1 व 16 तारीख को उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश पारित किया है।









