कटनी – । बहोरीबंद क्षेत्र के ग्राम पटोरी में पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा बीते गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद हैंडपंप संधारण टीम ने गांव पहुंचकर बिगड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें चालू कर दिया है। अब गांव में 8 हैंडपंपों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि विकास एवं निर्माण कार्यों तथा जनहितैषी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री तिवारी बीते गुरुवार को बहोरीबंद क्षेत्र के भ्रमण पर थे। इसी दौरान ग्राम पटोरी में ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या से अवगत कराया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभाग की संधारण टीम ने मौके पर पहुंचकर बिगड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कर दिया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम पटोरी में 121.56 लाख रुपये की नल-जल योजना स्वीकृत की गई थी। योजना के तहत एक सफल नलकूप खनन, 7.5 एचपी मोटर पंप स्थापना, दो विद्युत कनेक्शन, 9459 मीटर पाइपलाइन विस्तार, 316 घरेलू नल कनेक्शन, 75 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय टंकी तथा 20 किलोलीटर का संपवेल निर्माण कार्य पूर्ण किया गया था। तीन माह के सफल ट्रायल रन के उपरांत 20 अक्टूबर 2025 को योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कर दी गई थी।
हालांकि, स्रोत की जल आवक क्षमता कम होने से नल-जल योजना प्रभावित हुई। इसके समाधान के लिए नवीन नलकूप खनन की तकनीकी स्वीकृति पूर्व में ही प्रदान की जा चुकी थी। जिन नलकूपों में तकनीकी खराबी आई थी, उन्हें अब दुरुस्त कर पुनः चालू कर दिया गया है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्राम पटोरी में पेयजल संकट का प्रभावी समाधान हुआ है।









