कटनी – जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शनिवार 28 फरवरी से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान जिलेभर में संचालित होगा।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण एचपीवी वायरस है। समय पर एचपीवी वैक्सीन की एक डोज लगवाने से इस गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है।
अभियान के अंतर्गत 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
पोर्टल के माध्यम से अभिभावक कर सकेंगे पंजीकरण
अभिभावक अपने बच्चों का पंजीकरण भारत सरकार के यू-विन सेल्फ रजिस्ट्रेशन पोर्टल https://uwinselfregistration.mohfw.gov.in/login पर ऑनलाइन कर सकते हैं, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया और अधिक सुगम होगी।
इन केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर
28 फरवरी को जिला अस्पताल कटनी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान, बरही, बड़वारा, पहाड़ी, रीठी, बहोरीबंद तथा सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
भ्रांतियों पर न दें ध्यान
सीएमएचओ डॉ. ठाकुर ने कहा कि वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियां पूरी तरह निराधार हैं। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार या इंजेक्शन स्थल पर हल्का दर्द जैसे सामान्य लक्षण हो सकते हैं, जो शीघ्र ही स्वतः ठीक हो जाते हैं। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टीकाकरण करेंगे।
अभियान की सफलता के लिए आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डॉ. ठाकुर ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के लिए इस टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।




