कटनी – मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति करें। साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही बालिकाओं का शत-प्रतिशत समग्र सत्यापन करें एवं समग्र सत्यापन में आ रही समस्याओं के निराकरण हेतु परियोजना अधिकारी सम्बन्धित जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से समन्वय कर विशेष कैंप का आयोजन करें। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश जिला पोषण समिति की बैठक में दिये। इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की द्वितीय फेज की नियुक्ति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने भवनहीन, मरम्मत योग्य एवं जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र भवनों को चिन्हांकित कर निर्माण एवं मरम्मत के प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिये। साथ ही अप्रारम्भ आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण प्रारम्भ कर उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण किये जाने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में कुपोषित बच्चों का सही चिन्हाँकन सुनिश्चित करने एवं परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को आंगनवाड़ी केंद्रों का सतत भ्रमण कर वजन सत्यापन करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में एवं विशेष रूप से जिला चिकित्सालय एनआरसी में शत प्रतिशत बेड ओक्यूपैंसी सुनिश्चित करने महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग को समन्वय कर कार्य करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने 3 से 6 वर्ष के बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पंजीयन, सभी पात्र हितग्राहियों को पूरक पोषण आहार उपलब्ध करवाने, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित और अच्छी गुणवत्ता की शाला पूर्व शिक्षा प्रदान करने एवं समुदाय आधारित गतिविधियों के नियमित आयोजन किये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पाण्डेय, सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती, सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी सहित सभी परियोजना महिला एवं बाल विकास मौजूद रहे।









