कटनी – नगर निगम कटनी द्वारा वित्तीय वर्ष की समाप्ति के शेष दिनों को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर वार्डवार विशेष कर वसूली शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में नागरिकगण बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने बकाया करों को जमा कर नगर विकास के सहभागी बन रहे है।
राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा दी जा रही सुगम एवं सरल भुगतान सुविधा का लाभ प्राप्त करने हेतु करदाताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। शिविर के दौरान नागरिकों को उनकी कर संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण भी शिविर के दौरान ही किया जा रहा है। वहीं नगर निगम कार्यालय सहित नागरिकों से डोर-टू-डोर संपर्क कर पीओएस मशीन के माध्यम से नागरिकों को उनके बकाया कर की राशि जमा करने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
6 मार्च को आयोजित होने वाले शिविर
नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सुगम सेवा सरल भुगतान की सुविधा प्रदान करते हुए शुक्रवार 6 मार्च को दुर्गा चौक खिरहनी सहित झिंझरी पुलिस चौकी के पास प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे से विशेष शिविर का आयोजन किया जाकर नागरिकों को उनके बकाया करों को जमा करने की सुविधा प्रदान की जायेगी।
निगम प्रशासन ने शेष करदाताओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के पूर्व अपने बकाया करों का भुगतान करते हुए स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकसित कटनी के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें।




