कटनी – आगामी वर्षा ऋतु में संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने एक आदेश जारी करते हुए निगम के लोक निर्माण शाखा और स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों का एक विशेष दल गठित किया है।जारी आदेशानुसार यह दल आगामी वर्षा काल में पूर्व वर्षों की जलभराव की पुनरावृत्ति ना हो सके इस बात को ध्यान में रखते हुए जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नागरिकों इत्यादि के साथ बैठक करते हुए पूर्व अनुभव , जानकारी लेकर तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के आधार पर आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव ,सुझाव प्रस्तुत करेगा।
दल में ये अधिकारी शामिल
जारी आदेश के अनुसार गठित दल में प्रभारी अधिकारियों के रूप में कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा एवं असित खरे प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त समस्त क्षेत्रीय उपयंत्रियों श्री पवन श्रीवास्तव, श्री जे.पी. सिंह बघेल, श्री संजय मिश्रा को भी दल में सम्मिलित कर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जलभराव के संभावित क्षेत्रों का करेंगे निरीक्षण
गठित दल द्वारा शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रमुख कार्यों में पुल-पुलिया, नाला-नालियों का निर्माण एवं मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करना, नालों की नियमित सफाई, कचरा निष्पादन व्यवस्था को व्यवस्थित करना तथा विभिन्न स्थानों पर चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना शामिल है।
25 मार्च तक देना होगा प्रस्ताव
साथ ही विगत वर्षों में उत्पन्न समस्याओं का परीक्षण कर उनके स्थायी समाधान हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। वाहनों, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का आकलन भी किया जाएगा, ताकि समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा सकें।निगमायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया है कि गठित दल आपसी समन्वय के साथ बैठक एवं स्थल निरीक्षण कर आगामी 25 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिससे वर्षा ऋतु के पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर शहरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाया जा सके।निगमायुक्त द्वारा यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जाकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।









