कटनी – राज्य शासन द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आर्थिक रूप से कमजोर आईटीआई उर्तीण युवाओं के लिए विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु सोशल इम्पैक्ट बॉन्ड आधारित परियोजना संचालित की जा रही है। इस परियोजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर अन्य पिछड़ा वर्ग के लगभग 600 प्रतिभावान युवाओं को प्रशिक्षित कर जापान एवं जर्मनी में रोजगार हेतु भेजा जाएगा।
प्राचार्य शासकीय आईटीआई ढीमरखेंडा श्री संत सिंह एवं पंजीयन प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र युवा परियोजना के हितग्राही होंगे। परियोजना अंतर्गत प्रशिक्षण शुल्क की 15 प्रतिशत राशि संबंधित लाभार्थी (हितग्राही) द्वारा पंजीयन के समय जमा करना अनिवार्य होगा। पात्रता परीक्षा के प्रथम अवसर के अतिरिक्त अन्य प्रवासों में व्यय होने वाली राशि की व्यवस्था, विदेश गमन हेतु विमान किराया एवं भोजन इत्यादि पर होने वाले व्यय की व्यवस्था संबंधित युवा द्वारा स्वयं की जाएगी। प्रवेश के तीन सप्ताह तक ड्रॉप आउट होने पर एवं समस्त पात्रता संबंधी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के पश्चात् भी विदेश में प्लेसमेंट नहीं हो पाने की दशा में अभ्यर्थी को पंजीयन शुल्क वापसी योग्य होगी। अन्य परिस्थितियों में पंजीयन शुल्क वापसी योग्य नहीं होगा।”
इच्छुक युवा जो विदेश में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं, वे शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा या नजदीकी शासकीय आईटीआई में प्लेसमेंट सेल में संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं तथा इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 9589691151 पर भी संपर्क किया जा सकता है।









