कटनी – ग्रामीण अंचलों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशों पर बहोरीबंद विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुआं में शुरू की गई प्रसव सेवाओं के अंतर्गत शनिवार को एक सुरक्षित प्रसव संपन्न हुआ, जिसमें ग्राम कुआं निवासी श्रीमती अभिलाषा बर्मन ने 3 किलो 800 ग्राम वजन की स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसूता एवं नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए निर्देशों का मिला सकारात्मक परिणाम
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में बहोरीबंद क्षेत्र के कुआं उपस्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सेवाएं प्रारंभ करने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद अब ग्रामीण महिलाओं को अपने क्षेत्र में ही सुरक्षित मातृत्व सेवाओं का लाभ मिलने लगा है।
ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुआं को आवश्यक चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित कर प्रसव सेवाओं के लिए क्रियाशील बनाया गया है। विधायक बहोरीबंद श्री प्रणय प्रभात पाण्डेय एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में की गई इस पहल से अब ग्रामीण महिलाओं को प्रसव के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
शासन को भेजा प्रस्ताव
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने उपस्वास्थ्य केंद्र कुआ में प्रसव सेवाओं को निरंतर और प्रभावी बनाए रखने के लिए अतिरिक्त स्थायी चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
कुआं प्रसव केंद्र के सफल संचालन और सुरक्षित प्रसव की शुरुआत पर क्षेत्र के नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं को गांव तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल बताया।

