जबलपुर,
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में आज रविवार 9 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान का आगाज हुआ। अभियान के पहले दिन विभिन्न शासकीय संस्थानों में राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित जिले के सभी आँगनवाड़ी केंद्रों में नन्हें मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से तिरंगा लहराकर वंदे मातरम का जय घोष किया। कई स्थानों आँगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों ने रैली निकालकर अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया। महिला एवं बाल विकास विभाग से अनुदान प्राप्त संस्थाओं में भी हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत पर कार्यक्रम आयोजित किये गये। निराश्रित बच्चों के लिये संचालित राजकुमारी बाई बाल निकेतन एवंपश्चिम मध्य रेलवे द्वारा संचालित संस्था जागृति आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने तिरंगा लहराकर
देश प्रेम की भावनाओं का इजहार किया। हर घर तिरंगा अभियान के पहले दिन पं. लज्जा शंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल स्कूल में भी देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसके साथ ही उप
संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं कार्यालय में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत कर्मचारियों-अधिकारियों ने भी हाथों में तिरंगा थामकर देशप्रेम की भावना का इजहार किया. नागरिकों में देश प्रेम और गर्व की भावना जगाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश भर की तरह जबलपुर जिले में भी 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान
चलाया जा रहा है।


