Home इंदौर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अधिकारी करें फील्ड विजिट – कलेक्टर श्री...

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अधिकारी करें फील्ड विजिट – कलेक्टर श्री तिवारी गलत गिरदावरी पर संबंधित पटवारी के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा

41
0

कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान तहसीलदार, जनपद सीईओ निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का सतत फील्ड भ्रमण करें और सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकतम प्रकरणों का निराकरण पूर्व में ही कर लिया जाए तथा शेष मामलों का समाधान शिविर स्थल पर किया जाए। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव न हो, उनमें समय-सीमा तय कर आवेदकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए।कलेक्टर ने यह निर्देश सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा उपस्थित रहे।

14 अगस्त के शिविर से पहले लंबित प्रकरणों का करें निराकरण

कलेक्टर श्री तिवारी ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड ढीमरखेड़ा के सिलौंडी क्लस्टर में 14 अगस्त को आयोजित होने वाले शिविर के पूर्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित यहां के लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय रहते निराकरण करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कोई भी आवेदन समय-सीमा के बाहर लंबित नहीं रहना चाहिए।

सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा

बैठक में सामाजिक न्याय, खनिज, पीडब्ल्यूडी, राजस्व, पीएचई, स्वास्थ्य, वन, कृषि, गृह एवं ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गंभीरतापूर्वक और प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।

गलत गिरदावरी पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर श्री तिवारी ने राजस्व विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बोई गई धान फसल के रकबे की भौतिक रूप से वास्‍तविक गिरदावरी की जाय। इसमें गड़बड़ करने वाले पटवारियों के विरुद्ध सख्‍त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वैध कृषि भूमि की ही गिरदावरी की जाए, अवैध कब्जे वाली भूमि को इसमें शामिल न किया जाए। साथ ही उन्होंने फार्मर आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नामांतरण, बंटवारा एवं अभिलेख दुरुस्ती से जुड़े लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ई-केवायसी में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में ई-केवायसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्‍यमंत्री जन विश्‍वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले आधार कैंपों में छात्रों के आधार अपडेट करवाने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पंजीयन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्‍टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह सीडीपीओ के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें।

स्वास्थ्य विभाग को दिए निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं की एएनसी रजिस्ट्रेशन, मध्यम एवं गंभीर एनीमिया की स्थिति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए दस्तक अभियान में बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हर घर तिरंगा अभियान

कलेक्‍टर श्री तिवारी ने शासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के गरिमापूर्ण आयोजन के निर्देश दिए। उन्‍होंने नगर निगम आयुक्‍त एवं जिला पंचायत सीईओ को जिला स्‍तरीय कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। कलेक्‍टर ने जिला स्‍तरीय तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शासकीय तिलक महाविद्यालय, कन्‍या महाविद्यालय, एनसीसी एवं एनएसएस के बच्‍चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में समस्त एसडीएम, सिविल सर्जन श्री यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज श्री रत्‍नेश दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्‍डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here