Home इंदौर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, तिरंगा यात्रा से लेकर सेनानियों के सम्मान...

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, तिरंगा यात्रा से लेकर सेनानियों के सम्मान तक होंगे आयोजन 14 अगस्‍त को सुबह 9:30 बजे जिले में निकलेगी भव्‍य तिरंगा यात्रा कलेक्टर निवास पर प्रात: 7:45 बजे और कलेक्ट्रेट में प्रात: 8 बजे होगा ध्वजारोहण

38
0

कटनी – स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

          ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 14 अगस्त को सुबह 9:30 बजे कटनी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा नगर पालिक निगम द्वारा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ होगी जो स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक एवं मोहन टॉकीज रोड होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचेगी।

विद्यार्थी, समाजसेवी और नागरिक होंगे शामिल

          तिरंगा यात्रा में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों-महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनजीओ, समाजसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों सहित आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। विधायक, महापौर, नगर निगम अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद सदस्य, नगर परिषद अध्यक्ष एवं सदस्य, पार्षद तथा वरिष्ठ नागरिकों को भी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर निवास व कलेक्ट्रेट कार्यालय में होगा ध्वजारोहण

          स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर कलेक्टर निवास पर सुबह 7:45 बजे तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रात: 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा दोनों कार्यक्रमों की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

ध्वज संहिता और राष्ट्रगान की व्यवस्थाओं के निर्देश

          कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रभारी अधिकारी, जिला नाजिर एवं वित्त शाखा को ध्वज की उपलब्धता तथा ध्वज संहिता के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रगान के लिए म्यूजिक सिस्टम तथा विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के आवागमन की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को राष्ट्रगान के लिए छात्र-छात्राओं के अलग-अलग दल गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद सैनिकों के परिजनों का होगा सम्मान

          स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर श्री तिवारी ने अनुविभागीय अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी या लोकतंत्र सेनानी समारोह में उपस्थित नहीं हो सकेंगे, उन्हें उनके गृह निवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।

घर पहुंचकर सम्मान की भी व्यवस्था

          कार्यक्रम में शामिल न हो पाने वाले सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों के लिए नगर निगम से शाल एवं श्रीफल की व्यवस्था कर उनके घर पर सम्मानित करने तथा पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here