Home इंदौर पीएम स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम में विशेष पखवाड़ा अभियान संचालित...

पीएम स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम में विशेष पखवाड़ा अभियान संचालित 87 पात्र हितग्राहियों को मिला योजना का लाभ, 15 क्रेडिट कार्ड किए गए वितरित पथ विक्रेताओं को ऋण, क्रेडिट कार्ड, डिजिटल सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन का मिल रहा लाभ

43
0

कटनी –  प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके व्यवसाय को गति देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 15 अगस्त तक विशेष पखवाड़ा अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पात्र पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध रूप से प्रथम चरण में 15 हजार, द्वितीय चरण में 25 हजार तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराने के साथ क्रेडिट कार्ड, डिजिटल सशक्तिकरण एवं वित्तीय समावेशन से जोड़ा जा रहा है।

87 हितग्राही लाभान्वित

राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के सिटी मिशन मैनेजर यश रजक ने बताया कि निगम प्रशासन के निर्देशन में अभियान के तहत 14 अगस्त तक कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 87 पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के द्वितीय चरण का ऋण पूर्ण रूप से चुका चुके हितग्राहियों को 10 हजार से 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट कार्ड सीमा के लिए आवेदन कराया गया, जिसके तहत संबंधित बैंकों द्वारा 15 हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 12 हितग्राहियों का मानधन पेंशन योजना के लिए पंजीयन भी कराया गया है।

शिविर लगाकर दी जा रही योजना की जानकारी

अभियान के अंतर्गत निगम कार्यालय के साथ ही विभिन्न वार्डों में शिविर आयोजित कर पात्र पथ विक्रेताओं से आवेदन लिए जा रहे हैं। निगम की टीम द्वारा पंपलेट वितरण एवं बाजार क्षेत्रों में छोटे दुकानदारों तथा पथ विक्रेताओं से सीधे संपर्क कर योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

नवीन आवेदन के लिए हितग्राही के पास आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक खाता एवं यूपीआई आईडी होना आवश्यक है। आधार कार्ड एवं बैंक खाते में मोबाइल नंबर लिंक होना अनिवार्य है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक हितग्राही का आवेदन किया जा सकेगा।

पात्र हितग्राहियों से अधिकाधिक लाभ लेने की अपील

नगर निगम प्रशासन ने पात्र पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे विशेष पखवाड़ा अभियान का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि शासन की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से उन्हें समय पर ऋण सुविधा, क्रेडिट कार्ड एवं अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here