जबलपुर,
बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड अंतर्गत कुंडेकसा, अडोरी, कोरका और बांदरी सहित आसपास
के गांवों में मौसमी बीमारियों, मलेरिया, दस्त और चर्मरोग के उपचार हेतु विशेष स्वास्थ्य अभियान
चलाया जा रहा है। विगत एक माह में कुल 3,206 लोगों की जांच की गई, जिनमें से विभिन्न बीमारियों
से पीड़ित मिले 685 मरीजों में से 195 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 19 अगस्त तक
162 बच्चे पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं, जिनमें से 14 मरीजों को आज ही डिस्चार्ज किया
गया है। वर्तमान में 33 बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि 490 मरीजों का घर पर ही इलाज
कर उन्हें ठीक किया गया है।
क्षेत्र में 20 सर्वेक्षण टीमें, 10 चिकित्सा अधिकारी, 4 जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट और 4
एम्बुलेंस निरंतर कार्यरत हैं। सर्वे के दौरान बच्चों को विटामिन-ए, आयरन सिरप, ओआरएस, जिंक और
एल्बेंडाजोल की दवाएं दी जा रही हैं तथा 77 बच्चों को मीजल्स का टीका लगाया गया है। इसके
अतिरिक्त 16 गांवों के 1,945 मकानों में कीटनाशक छिड़काव, इनडोर-आउटडोर गतिविधियों के साथ
एंटी-लारवा सर्वे भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है।

