कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ग्राम डिठवारा स्थित शासकीय अनाज गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनाज लेने पहुंचे किसानों से संवाद कर शासन की योजनाओं एवं उन्हें मिल रहे लाभों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
किसान से पीएम किसान योजना की ली जानकारी
कलेक्टर श्री तिवारी ने अनाज लेने पहुंचे किसान श्री चंदूलाल साहू से बातचीत की और उनसे शासन की पीएम किसान योजना से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली। इसी प्रकार अन्य किसानो से सीधे संवाद कर कलेक्टर ने योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
पात्र हितग्राहियों को अनाज मिलने में न हो परेशानी
कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को अनाज प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नागरिक राकेश कुमार ने कलेक्टर श्री तिवारी से अपनी समस्या साझा की। उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में कच्चे मकान में निवास कर रहे हैं और उनके घर का सर्वे कराकर पक्का मकान दिलाने की आवश्यकता है। राकेश कुमार की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने उनका आवेदन प्राप्त किया तथा संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की आवासीय योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


