कटनी– आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास से संबंधित सेवाओं को सुदृढ़ करने, समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा पोषण सेवाओं के प्रति सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के अंतर्गत 9 सितंबर से 9वां राष्ट्रीय पोषण माह-2026 आयोजित किया जाएगा। जिले में इस अभियान के क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने महिला एवं बाल विकास को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
राष्ट्रीय पोषण माह का राज्य स्तरीय शुभारंभ 9 सितंबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में प्रस्तावित राष्ट्रीय शुभारंभ समारोह के बाद किया जाएगा। इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” निर्धारित की गई है।
पांच प्रमुख विषयों पर केंद्रित रहेंगी गतिविधियां
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान जिले में पांच प्रमुख विषयों को केंद्र में रखकर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं विविधतापूर्ण गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक विकास संबंधी गतिविधियां तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए सहायता शामिल हैं।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्थानीय एवं कम लागत में उपलब्ध विभिन्न खाद्य समूहों से पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन, हेल्दी एवं विविध रेसिपी का प्रदर्शन, पोषण मेला, प्रोटीन से भरपूर भोजन के लिए अभियान तथा पोषण वाटिका के उत्पाद एवं स्थानीय मौसमी खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया जाएगा।
बच्चों को मिलेंगे विविध प्रकार के गर्म-पका भोजन
3 से 6 वर्ष के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाने वाले ताजा एवं विविधतापूर्ण गर्म पके भोजन में स्थानीय उपलब्धता के अनुसार खाद्य विविधता सुनिश्चित की जाएगी। साप्ताहिक मेन्यू का समुदाय के बीच प्रदर्शन तथा कम्युनिटी हॉट कुक्ड मील टेस्टिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें पालकों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों तथा सहयोगी मातृ समितियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सहयोगी मातृ समितियों को गर्म पके भोजन की निगरानी में सक्रिय किया जाएगा। पोषण माह के दौरान कम से कम एक सहयोगी मातृ समिति अथवा आंगनवाड़ी प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित होगी। आंगनवाड़ी केंद्रों पर नाश्ता एवं गर्म पका भोजन मेन्यू बोर्ड प्रदर्शित कर समुदाय को भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और मेन्यू के अनुरूप वितरण की निगरानी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
पहले 1,000 दिनों और बाल विकास पर विशेष जागरूकता
बाल विकास के लिए पहले 1,000 दिनों के दौरान उचित पोषण एवं आवश्यक देखभाल के महत्व को लेकर व्यापक जन-जागरूकता की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा संशोधित होम विजिट शेड्यूल के अनुसार गुणवत्तापूर्ण गृह भेंट नवचेतना एवं आधारशिला पाठ्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा तथा विकासात्मक विलंब वाले बच्चों की पहचान कर स्वास्थ्य विभाग एवं आरबीएसके के माध्यम से रेफरल की कार्यवाही की जाएगी।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए शत-प्रतिशत कवरेज अभियान
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए 100 प्रतिशत सैचुरेशन ड्राइव आयोजित किया जाएगा। लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सत्यापन, स्वीकृति एवं डीबीटी की कार्यवाही में तेजी लाई जाएगी। योजना की पात्रता, लाभ, किस्तों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
जिला स्तर पर पोषण क्विज और सेमिनार

