कटनी – जलकर राहत योजना का अधिक से अधिक जलकर उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा शासकीय अवकाश दिवस रविवार को भी नगर के तीन प्रमुख स्थलों पर विशेष जलकर राहत शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में पहुंचे उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी प्रदान करने के साथ मौके पर ही 71 उपभोक्ताओं को बकाया जलकर जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र सुभाष चौक, आचार्य विनोबा भावे वार्ड स्थित दुर्गा चौक खिरहनी तथा फॉरेस्टर वार्ड स्थित सुदर्शन बाल मंदिर के पास आयोजित शिविरों में निगम की वसूली टीमों द्वारा सक्रियता के साथ कार्य किया गया। टीमों ने शिविरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें योजना के तहत कुल बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि की छूट मिलने की जानकारी दी तथा समय अवधि के भीतर भुगतान कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
निगम कार्यालय एवं ऑनलाइन भुगतान की भी सुविधा
उपभोक्ताओं को सुविधा प्रदान करने के लिए नगर निगम कार्यालय एवं संबंधित जोन कार्यालयों के कैश काउंटरों पर भी जलकर जमा करने की व्यवस्था उपलब्ध रही। इसके साथ ही उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से भी बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
10 सितंबर तक ही मिलेगा लाभ
निगम प्रशासन ने बताया कि जलकर राहत योजना का लाभ लेने के लिए अब केवल सीमित समय शेष है। योजना 10 सितंबर 2026 तक ही प्रभावशील रहेगी। निगम प्रशासन ने समस्त बकाया जलकर उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए शीघ्रता से बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि जमा करें और शेष 50 प्रतिशत राशि की छूट का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।

