जबलपुर,
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आज पाटन जनपद पंचायत में उद्यम संवाद तथा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पाटन विधायक श्री अजय विश्नोई, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गहलोत और अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर, शैलेन्द्र सिंह तथा जिला व जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उद्यम संवाद के अंतर्गत पाटन जनपद पंचायत परिसर में विभिन्न उद्यमियों ने अपने-अपने उत्पादों के स्टॉल लगाये। जिसका विधायक श्री विश्नोई, कलेक्टर श्री सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय एवं
सीईओ जिला पंचायत श्री गहलोत ने अवलोकन किया और उद्यमियों से उनके उत्पादों की जानकारी ली। उद्यम संवाद के दौरान क्षेत्र के विभिन्न उद्यमियों ने अपनी उद्यमिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा अपनी आपेक्षाएं भी व्यक्त की। इसके साथ ही यशस्वीजनों का संवाद भी हुआ। संवाद कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को हितलाभ तथा स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया गया। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अवैध कब्जे, पट्टा नवीनीकरण, बिजली बिल, पेयजल, खराब हैंडपंप, राशन वितरण, पेंशन और राजस्व प्रकरणों से जुड़ी अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर प्रशासनिक टीम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग प्रमुखों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसंवाद के साथ-साथ जिले में गठित पांच अलग-अलग टीमों ने नुनसर, उड़ना, सकरा, सहसन धनेटा,
नगर परिषद पाटन क्षेत्र में किये गये भ्रमण की जानकारी देते हुए बताया कि दल ने ग्राम पंचायतों,
प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों, आंगनवाड़ियों, स्वास्थ्य केंद्रों, पशु अस्पतालों और राशन दुकानों का औचक
निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई
कमियों को जल्दी पूरा किया जायेगा। इसके अलावा वार्ड नंबर 2 में निजी भवन में संचालित आंगनवाड़ी
को पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को समय पर पूरा करने और स्वयं
सहायता समूहों को राशन वितरण पारदर्शी बनाने के निर्देश भी दिये।
विधायक श्री विश्नोई ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य प्रशासन को
सीधे गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों
को प्राकृतिक खेती अपनाने और उत्पादन बढ़ाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान
किया। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि अभियान के दौरान मिली सभी शिकायतों को विशेष पोर्टल के
जरिए शासन तक भेजा जाएगा, जिससे शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके निराकरण तक की पूरी प्रक्रिया
पारदर्शी बनी रहे। इस दौरान ग्राम कुकुर भुका के लोगों ने अपने गांव का नाम बदलने की बात रखी,
जिस पर सभी ने कहा कि अब कुकुर भुका को कौशलपुर के नाम से जाना जायेगा।

