Home इंदौर 15 अक्टूबर तक शुरू होगा क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक कलेक्टर श्री...

15 अक्टूबर तक शुरू होगा क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक कलेक्टर श्री तिवारी व एसपी श्री विश्वकर्मा ने जिला अस्पताल में नवनिर्मित भवन का किया निरीक्षण

31
0

कटनी  – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में 14.5 करोड़ रूपये की लागत से नवनिर्मित क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निरीक्षण किया। कलेक्‍टर ने 15 अक्‍टूबर तक नये भवन में हर हाल में स्‍वास्‍थ्‍य सेवायें शुरू कराने की हिदायत दी। उन्‍होंने नवनिर्मित भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं सहित बनने वाले वार्डों, आपरेशन कक्ष आदि का गहन निरीक्षण किया और सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

शल्य चिकित्सा एवं आइसोलेशन कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी एवं एसपी श्री विश्वकर्मा ने शल्य चिकित्सा कक्ष एवं आइसोलेशन कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, आवश्यक संसाधनों तथा मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और संचालन प्रक्रिया की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जल्द शुरू करें क्रिटिकल केयर ब्लॉक—कलेक्टर

कलेक्टर श्री तिवारी ने सिविल सर्जन श्री यशवंत वर्मा को निर्देशित किया कि क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक को शीघ्र प्रारंभ करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि जिले के गंभीर मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिस पर सिविल सर्जन श्री यशवंत वर्मा ने कलेक्टर को अवगत कराया कि क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक को 15 अक्टूबर तक प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से गंभीर मरीजों को जिला स्तर पर ही बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

शल्य चिकित्सा कक्ष में पर्याप्त डॉक्टरों की उपलब्धता के निर्देश

कलेक्टर श्री तिवारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि शल्य चिकित्सा कक्ष में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, सिविल सर्जन श्री यशवंत वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here