कटनी – मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री संजीव कांकर ने सोमवार को कटनी जिले का दौरा कर विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में श्री कांकर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के किसान हितैषी दृष्टिकोण एवं जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज के उचित प्रबंधन, खरीदी तथा इससे जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए विभागीय स्तर पर पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
श्री कांकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाए तथा संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए।


