जबलपुर,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि श्रीमती बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) के एम्स, भोपाल में
अंगदान से तीन लोगों को जीवन मिला है। नर्मदापुरम जिले में बनखेड़ी के ग्राम खापा खुर्द निवासी
श्रीमती शर्मा सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेड हुईं थीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि असहनीय
दुःख की घड़ी में उनके परिजन ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की
ऐसी मिसाल पेश की, जो सभी को प्रेरित करेगी। राज्य शासन के निर्णय अनुसार स्व. शिवानी के पैतृक
गांव में पार्थिव देह को मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ रही है अंगदान के प्रति जागरुकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस पहल से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ी है, साथ ही इससे
अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है। समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य के
प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है। स्व. शिवानी का यह महादान तीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद
बनकर आया है। उनका योगदान मानवता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

