कटनी– नवरात्रि पर्व के समापन पर आज होने वाले जवारा विसर्जन एवं कल विजयादशमी पर्व पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा चिन्हित घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। तथा मोहन घाट में जावरा विसर्जन का क्रम चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच प्रारंभ भी हो चुका है, जो अनवरत जारी है। निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और विसर्जन प्रक्रिया को निर्बाध बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों के अनुरूप घाटों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।पर्वों के मद्देनजर मोहन घाट, बाबा घाट, ट्रांसपोर्ट नगर, छपरवाह घाट, पीर बाबा घाट सहित अन्य चिन्हित विसर्जन स्थलों पर कृत्रिम जलकुंडों का निर्माण कर उनमें स्वच्छ जल भराव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं कीटनाशक दवाओं के छिड़काव सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। सोमवार शाम आयोजित होने वाले विसर्जन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हांका टीम को मार्गों एवं घाटों पर मुस्तैद रहकर व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं, मंगलवार को विजयादशमी पर्व पर निकलने वाले चल समारोह एवं दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को दृष्टिगत रखते हुए गाटरघाट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान संभावित भीड़ एवं समय लगने की स्थिति को देखते हुए नदी के दोनों ओर कृत्रिम जलकुंडों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त छेघरा मार्ग की ओर नदी के समीप एक बड़े कृत्रिम जलकुंड का निर्माण कराया गया है, जिससे प्रतिमाओं के विसर्जन में अनावश्यक विलंब न हो और पूरी प्रक्रिया अधिक सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।नगर निगम प्रशासन द्वारा संबंधित टीमों को जावरा विसर्जन एवं एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित समय पर घाटों में उपस्थित रहकर साफ-सफाई, प्रकाश, जलकुंडों तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विसर्जन कार्यक्रमों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराना है।


