कटनी – कटनी के कृषि उपज मंडी में बुधवार, 28 अक्टूबर को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और शासकीय सेवकों को दायित्व सौंपे हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन्हें मिले दायित्व
जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर को संपूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्रीमती प्रतिभा गौर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कार्यक्रम में किसानों एवं हितग्राहियों को गांवों से आयोजन स्थल तक सुरक्षित लाने और वापस पहुंचाने तथा उनके भोजन पैकेट की व्यवस्था का दायित्व अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुराग मोदी एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सौंपा गया है। जबकि नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, टैंकर, चलित शौचालय और अग्निशमन की व्यवस्था करेंगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतिथियों की सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र कुमार पटेल मंच पर विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
तहसीलदार कटनी श्री अजीत कुमार तिवारी को मंचीय कार्यों के साथ सर्किट हाउस एवं रेस्ट हाउस में अतिथियों के सत्कार और कमरों की व्यवस्था का दायित्व दिया गया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बसों की व्यवस्था और वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा एवं सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर कार्यक्रम एवं पार्किंग स्थल पर स्वास्थ्य शिविर, विशिष्ट अतिथियों के लिए चिकित्सा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस की व्यवस्था करेंगे। कृषि मंडी सचिव श्री मनीष मण्डलोई मंडी परिसर की साफ-सफाई, मंच पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों के लिए स्वल्पाहार, भोजन, शुद्ध पेयजल तथा फूल-माला और गुलदस्तों की व्यवस्था करेंगे। ऊर्जा विभाग के मुख्य कार्यपालन यंत्री निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण करने तथा आयोजन स्थल पर लीज लाइन एवं इंटरनेट की व्यवस्था के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री प्रफुल श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस श्री सौरभ नामदेव और मंडल अभियंता बीएसएनल श्री डी.के. मठधारी को दायित्व सौंपा गया है।
जिला लोकसेवा प्रबंधक विभाग के श्री दिनेश विश्वकर्मा को कार्यक्रम के लिए स्थापित डीसीसी कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। वे परिवहन में लगी बसों के आगमन और प्रस्थान की रिपोर्ट भी संकलित करेंगे। वहीं, श्री राजेन्द्र असाटी को मंच संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी कृषक परिवारों के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण की व्यवस्था करेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक कार्यक्रम में तकनीकी जानकारी देने के लिए चार वैज्ञानिक उपलब्ध कराने के साथ केंद्र के स्टॉल का प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे।
कृषि तकनीक और प्राकृतिक उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी
महोत्सव में कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और अन्य नामांकित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियांत्रिकी विभाग द्वारा हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, हार्वेस्टर सहित आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। मानव जीवन विकास समिति के सचिव श्री निर्भय सिंह द्वारा मिलेट उत्पादों की ब्रांडिंग, जैव उत्पाद इकाई (वीआरसी) तथा कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा तैयार प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से संवाद के लिए पांच प्रगतिशील किसानों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रशस्ति पत्र वितरण के लिए कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के समन्वय से कुल 10 प्रगतिशील किसानों का चयन करने का दायित्व परियोजना संचालक आत्मा सुश्री रजनी चौहान, सहायक संचालक श्री खेलावन डेहरिया, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती पूनम समदरिया और सहायक संचालक कृषि श्री मनीष कुमार मिश्रा को सौंपा गया है।


