कटनी – श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा ‘डिजिटल लेबर चौक’ मोबाइल ऐप शुरू किया गया है। इस ऐप के माध्यम से जिले के कुशल एवं अकुशल श्रमिक और काम देने वाले नागरिक एक ही डिजिटल मंच पर जुड़कर अपनी आवश्यकता के अनुसार रोजगार एवं श्रमिकों की तलाश कर सकेंगे।
निर्माण कार्य, घरेलू कार्य, कृषि, दुकानों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों की आवश्यकता होती है। वहीं, अनेक कामगारों को प्रतिदिन काम की तलाश में भटकना पड़ता है। डिजिटल लेबर चौक ऐप इस प्रक्रिया को आसान बनाने में सहायक होगा। इसके माध्यम से श्रमिक मोबाइल पर ही काम के अवसर तलाश सकेंगे, जबकि नियोजक अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त श्रमिकों एवं कारीगरों से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
ऐप के माध्यम से राजमिस्त्री, प्लंबर, बढ़ई, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर सहित अन्य कुशल कारीगरों और अकुशल श्रमिकों की तलाश की जा सकेगी। ऐप में पंजीयन के लिए श्रमिकों हेतु ‘I am a Worker’ तथा काम देने वाले नियोजकों के लिए ‘I am an Employer’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
ऐसे करें पंजीयन
जिले के श्रमिक एवं नागरिक गूगल प्ले स्टोर से ‘Digital Labour Chowk’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा श्रम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करके भी पंजीयन किया जा सकता है। श्रम विभाग ने जिले के समस्त श्रमिकों, कारीगरों, ठेकेदारों एवं नियोजकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल पहल से जुड़कर अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराएं और रोजगार की तलाश तथा श्रमिकों की उपलब्धता को आसान बनाने वाली इस सुविधा का लाभ उठाएं।

