कटनी – देशी गौवंश के संरक्षण, उन्नत नस्लों के संवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना वर्ष 2026-27 संचालित की जा रही है। योजना के तहत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इच्छुक पात्र पशुपालक 28 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।जिले के चार वृंदावन गांवों जरवाही, बरन महगवां, बहोरीबंद एवं दशरमन में योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। इन गांवों के पात्र पशुपालकों से योजना में भाग लेने की अपील की गई है।
छह देशी नस्लों के बीच होगी प्रतिस्पर्धा
योजना के अंतर्गत साहीवाल, गिर, थारपारकर, हरियाणा, मालवी और निमाड़ी नस्लों की गायों के दुग्ध उत्पादन के आधार पर प्रतिस्पर्धा होगी। इसका उद्देश्य देशी नस्लों का संरक्षण, उन्नत पशुपालन को प्रोत्साहन और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है।
उत्कृष्ट पशुपालकों को मिलेंगे पुरस्कार
निर्धारित विभागीय मापदंडों के अनुसार प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये दिया जाएगा।
पशु चिकित्सा संस्थानों से लें जानकारी
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग, कटनी डॉ. नीता मनोचा ने बताया कि पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए पशुपालक अपने क्षेत्र के पशु चिकित्सा अधिकारी अथवा निकटतम पशु चिकित्सा संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।


