कटनी– मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर खुशबू निशा ने आत्मनिर्भरता की राह चुनकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत मिले ऋण ने उनके हुनर को व्यवसाय का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज खुशबू सिलाई-कढ़ाई का व्यवसाय संचालित कर प्रतिमाह 16 से 18 हजार रुपये की आमदनी अर्जित कर रही हैं और परिवार को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही हैं।
10 हजार रुपये के ऋण से शुरू किया सफर
कटनी नगर के फॉरेस्टर वार्ड, झर्रा टिकुरिया निवासी 21 वर्षीय खुशबू निशा पहले घर पर ही परिवार के कार्यों में सहयोग करती थीं। आर्थिक परिस्थितियों के कारण वे अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रही थीं। इसी दौरान उन्हें नगर निगम के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और बैंक से पहली बार 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने सिलाई-कढ़ाई का काम शुरू किया।
मेहनत से बढ़ाया कारोबार, अब 50 हजार का ऋण लेकर बनीं आत्मनिर्भर
खुशबू ने अपनी मेहनत और लगन से पहले ऋण का समय पर भुगतान किया। इसके बाद उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने दुकान में सामग्री का स्टॉक बढ़ाया। व्यवसाय में सुधार और ऋण का नियमित भुगतान करने के बाद उन्होंने 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर अपने कारोबार का और विस्तार किया।
परिवार को मिला आर्थिक संबल, प्रतिमाह 16 से 18 हजार की आय
खुशबू ने बताया कि अब उनके व्यवसाय में परिवार के सदस्य भी सहयोग करते हैं। पूरे परिवार की मेहनत से प्रतिमाह 16 से 18 हजार रुपये की आमदनी हो रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और वे आत्मविश्वास के साथ अपना जीवनयापन कर रही हैं।
