कटनी – केंद्रीय विद्यालय एनकेजे में परीक्षा पे चर्चा के नवें संस्करण हेतु निर्धारित गतिविधियों का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस आयोजन की शुरुआत राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 जनवरी को की गई थी और सुभाष चंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी जिसे पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है, पर ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित क्विज कंपटीशन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जायेगा।
छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
आयोजन का प्रारंभ प्राचार्य द्वारा स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करने की शपथ दिलाने के साथ हुआ। साथ ही स्वदेशी संकल्प दौड़ का भी विद्यालय में आयोजन किया गया। जिसमें स्वदेशी अपनाओ, वोकल फोर लोकल का संदेश दिया गया। इसमें छात्रों तथा शिक्षकों ने भी अपने विचारों और संकल्पों को साझा किया। इन सभी गतिविधियों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय में स्वदेशी खेल सत्र का आयोजन भी किया गया जिसमें छात्रों ने देशी खेलों जैसे कि कबड्डी, खो-खो आदि में भाग लिया। जिससे टीम वर्क और खेल की भावना विकसित हुई। इसके अतिरिक्त मीम क्रिएशन गतिविधि में छात्रों ने अपने विचारों और भावनाओं को मीम्स के माध्यम से व्यक्त किया। उन्होंने परीक्षा और जीवन के विभिन्न पहलुओं पर व्यंग्यात्मक और मनोरंजक मीम्स प्रस्तुत किए। साथ ही गीत व कविता, पोस्टर मेकिंग, योग व ध्यान सत्र तथा नुक्कड़ नाटक जैसी कई अन्य गतिविधियाँ भी करवाई गई।
23 जनवरी को होगी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
कार्यक्रम के आखिरी दिन शुक्रवार 23 जनवरी को विद्यालय में आपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के 10 स्कूल पीएम श्री के वि एन. के. जे. कटनी, पीएम श्री के वि आयुद्ध निर्माणी कटनी, जवाहर नवोदय विद्यालय बड़वारा, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैल्वारा कलां, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुहली, पश्चिम मध्य रेलवे विद्यालय एन के जे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एन के जे, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधव नगर कटनी, दिल्ली पब्लिक स्कूल कटनी के 100 छात्र-छात्रायें भाग लेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने कार्यक्रम के विषय में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के इस कार्यक्रम को हम बड़े उत्साह के साथ आयोजित कर रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दबाव से मुक्त करना और उन्हें जीवन कौशल सिखाना है। यह आयोजन छात्रों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में मदद करेगा।










