जबलपुर,
मुख्यमंत्री डॉ यादव आज देर शाम माँ नर्मदा के तट सरस्वती घाट पर आयोजित दादा
गुरु के प्रकटोत्सव पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। विदेश (दावोस) से लौटने के बाद, थकान की परवाह किए बिना वे दादा गुरु के दर्शन और आशीर्वाद लेने यहाँ पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने सनातन संस्कृति, माँ नर्मदा की महिमा और विज्ञान व अध्यात्म के संबंध पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दादा गुरु का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, विधायक श्री अशोक रोहाणी, भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर एवं जिला अध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल एवं बड़ी संख्या में नर्मदा परिक्रमावासी मौजूद थे।
विज्ञान से परे है आस्था की शक्ति :-
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब सनातन
संस्कृति के संवाहक हैं। कई बार जीवन में ऐसे क्षण आते हैं जब हमें आश्चर्य होता है, जहाँ विज्ञान के नियम काम करना बंद कर देते हैं या फेल हो जाते हैं, वहीं से धर्म की जयकार शुरू होती है। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल प्रकृति के नियमों को समझने का प्रयास करता है, लेकिन यह ईश्वरीय कृपा ही है जिससे हमें आनंद और साहस प्राप्त होता है।
विशाल जनसमूह माँ नर्मदा की कृपा का प्रमाण:-
दादा गुरु के नेतृत्व में चल रही माँ नर्मदा की परिक्रमा और भक्तों की भारी भीड़ को
देखकर मुख्यमंत्री भावविभोर हो गए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, घर में दो-चार मेहमान आ जाएं तो घरवालों की हालत खराब हो जाती है, लेकिन इतने बड़े दल और परिवार का सुचारू रूप से चलना, बिना माँ नर्मदा और दादा गुरु की कृपा के संभव नहीं है।
हेलीकॉप्टर की समय सीमा और दर्शन की लालसा :-
अपनी व्यस्तता और दादा गुरु के प्रति समर्पण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने एक
संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि ;हेलीकॉप्टर के पायलट ने चेतावनी दी थी कि यदि समय पर वापस नहीं आए तो कल दोपहर 2 बजे तक रुकना पड़ेगा। लेकिन मैंने कहा कि मुझे दादा गुरु का आशीर्वाद तो चाहिए ही, चाहे जो हो जाए यह उनकी संतों और गुरुओं के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने जबलपुर से अपने लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जबलपुर पर माँ नर्मदा की विशेष कृपा है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अपने संबोधन में बाबा महाकाल और माँ नर्मदा से प्रार्थना की कि प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख-शांति बनी रहे और किसी के जीवन में कोई कष्ट न आए।संबोधन के समापन पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह के साथ;नर्मदा महारानी की जय
बाबा महाकाल की जयऔर ;दादा गुरु भगवान की जय के उद्घोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गाया भजन :-
दादा गुरु के प्रकटोत्सव के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का अलग अंदाज भी
दिखाई दिया। उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव से गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो, राधा रमण हरि गोपाल भजन गाकर नर्मदा परिक्रमावासियों को ऊर्जा से भर दिया।











