कटनी- भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम कुसुम योजना के घटक-ब प्रदेश में ‘’प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना’’ के नाम से संचालित है, जिसके अंतर्गत कटनी जिले के किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा और भी आसान हो रही है।
जिले में ऑफग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम होगी तथा खेती की लागत में कमी आएगी। योजनांतर्गत कटनी जिले में 559 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं।
90 फीसदी मिल रहा अनुदान
इस योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के लिए अत्यंत सरल एवं लाभकारी वित्तीय ढांचा तय किया गया है। योजनांतर्गत किसान अंशदान केवल 10 फीसदी, केंद्र सरकार का अनुदान 30 फीसदी एवं बैंक ऋण शेष 60 फीसदी (ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है।) ऋण प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है।
योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया
योजना का लाभ प्राप्त करने एवं वेंडर द्वारा कार्य प्रारंभ करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए-कुसुम-बी राज्य पोर्टल से एआईएफ (एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फण्ड) में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नोडल बैंक में किसान का खाता एवं सीआईएफ की उपलब्धता होने पर डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक द्वारा ऋण की अंतिम स्वीकृति दी जाती है।








