कटनी – नगर में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने तथा नगर सौंदर्य को बनाए रखने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा बुधवार को भी अतिक्रमण अमले की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में मुख्य मार्गों, चैराहों एवं सार्वजनिक स्थलों बस स्टैंड, दुबे कॉलोनी, दुर्गा चौक, तिलक कालेज रोड, दुर्गा मंदिर के रोड, एन.के. जे. मार्केट एरिया बरही रोड, तथा सुभाष चौक से मिशन चैक, आजाद चैक तक सार्वजनिक मार्गो के किनारे से मुनादी कराकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई इसके अतिरिक्त सार्वजनिक मार्गो की सुंदरता को दृष्टिगत रखते हुए सुभाष चौक से मिशन चौक तक के मार्ग में अव्यवस्थित रूप से लगाए गए अनधिकृत बैनर एवं पोस्टर हटाए जाकर कार्रवाई के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को भी चिन्हित कर व्यवस्थित किया गया।
आजाद चौक से झंडा बाजार मार्ग में हुई कार्यवाही
अतिक्रमण अमले द्वारा आजाद चौक से झंडा बाजार मुख्य मार्ग में कार्यवाही के दौरान मुनादी के माध्यम से मुख्य मार्गो में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराते हुए दुकानों की सामग्री को मुख्य मार्गो से अलग कराया गया। वहीं झंडा बाजार एवं कपड़ा बाजार में भी अभियान चलाकर व्यवसायियों की दुकान सामग्री को दुकानों के अंदर रखवा कर सुगम आवागमन मुहैया कराने के प्रयास किये गए।निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाए जाने तथा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि नगर की स्वच्छता, सौंदर्य एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।









