कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में सोमवार को फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) के मुख्य आकलन हेतु डाइट कटनी के फील्ड इन्वेस्टिगेटर द्वारा जिले में एनसीईआरटी द्वारा चयनित नौ विद्यालयों में कक्षा 3 में कुल दर्ज 160 विद्यार्थियों में से 86 विद्यार्थियों का आकलन किया गया।
इस स्टडी के अंतर्गत कक्षा 3 के विद्यार्थियों का हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा विकास तथा गणित की बुनियादी दक्षताओं में आकलन किया गया। साथ ही शिक्षक तथा छात्र प्रश्नावली का उपयोग करते हुए स्कूलों के शैक्षिक स्वास्थ्य का आकलन भी किया गया। आकलन के पश्चात एनसीईआरटी द्वारा बच्चों के प्रदर्शन का विश्लेषण करते हुए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्य प्राप्त करने हेतु सुधारात्मक उपाय किए जायेंगे। डाइट कटनी के संयोजन में आयोजित सर्वे में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, जिला परियोजना समन्वयक पी एन तिवारी, डाइट प्राचार्य एम पी डुंगडुंग वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी, ए पी सी सुबरण राजपूत द्वारा चयनित शालाओं का भ्रमण कर सर्वे की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया गया। सभी विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषप्रद पाई गई।
संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान जिला प्रोग्रामर सुमंत ताम्रकार द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। डाइट फैकल्टी द्वारा इसी दौरान केंद्रीय विद्यालय एन के जे एवं वेलवेदर इंटरनेशनल स्कूल द्वारा किए जा रहे नवाचारी कार्यों का सूक्ष्म अवलोकन किया एवं शासकीय स्कूलों के शिक्षकों को इन स्कूलों की विजिट कराए जाने की संभावनाओं पर प्राचार्यों से चर्चा भी की गई।
जिला स्तरीय समन्वयक पी एन तिवारी एवं एम पी डुंगडुंग ने एफ एल एस सर्वे के कुशल संचालन हेतु सभी चयनित शालाओं के प्राचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं मॉनिटरिंग अमले के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।










