कटनी – समस्या लेकर जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचे और समाधान सुनिश्चित करे—मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की यही भावना शनिवार को विकासखंड बड़वारा की ग्राम पंचायत खितौली में साकार होती नजर आई। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन और निर्देश पर यहां आयोजित शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना गया तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं से जुड़े मामलों के निराकरण की पहल की गई।जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और नागरिकों को समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने के मामले में कटनी जिले ने राज्य स्तर पर भी अपनी प्रभावी कार्यप्रणाली का परिचय दिया है। राज्य शासन द्वारा शनिवार को जारी प्रदेश के 55 जिलों की रैंकिंग में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण तथा लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रदर्शन में कटनी प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल हुआ है।बीते शुक्रवार से प्रारंभ हुए इस अभियान के प्रथम साप्ताहिक शिविर में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में प्रशासन द्वारा किए गए सतत प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के परिणाम स्वरूप जिले ने 55 जिलों में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के मामले में प्रदेश में 8वीं रैंक हासिल की है। वहीं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवाएं प्रदान करने में भी कटनी जिले ने प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त किया है।
833 आवेदनों का हुआ निराकरण
अभियान की शुरुआत में जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित खितौली क्लस्टर के अंतर्गत कुल 1642 आवेदन लंबित थे। प्रशासन द्वारा जनसंवाद एवं सतत कार्रवाई के परिणामस्वरूप अब तक 833 आवेदनों का सफल निराकरण किया जा चुका है। जिससे लंबित मामलों के समाधान से आम नागरिकों को राहत मिली है।
100 दिवस से अधिक पुराने मामलों पर विशेष फोकस
अभियान के अंतर्गत लंबे समय से लंबित प्रकरणों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। प्रारंभिक स्थिति में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित 484 आवेदन दर्ज थे, जिनमें से अब तक 195 मामलों का निराकरण किया जा चुका है।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम में भी उत्कृष्ट कार्य
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित आवेदनों का भी तेजी से निराकरण हुआ है। कटनी जिले में प्रारंभिक भ्रमण रोस्टर 693 था, जिसमें अब 475 की कमी दर्ज की गई है और वर्तमान भ्रमण रोस्टर 218 है। इसी प्रकार कुल 7,530 प्रकरणों में से 2,717 प्रकरणों की कमी हुई है। और वर्तमान में जिले में कुल 4813 प्रकरण लंबित है।
कलेक्टर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम को गंभीरता से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण तथा योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खितौली में दिखा ‘सरकार आपके द्वार’ का प्रभाव
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत खितौली में आयोजित शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जानकारी ली गई और जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।शिविर ने यह विश्वास मजबूत किया कि जनता की समस्या प्रशासन की जिम्मेदारी है और समाधान तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता। ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद इसी भरोसे को और मजबूत करता है।
जवाबदेह प्रशासन पर जोर
कलेक्टर श्री तिवारी के नेतृत्व में जिले में शिकायतों के निराकरण, लोकसेवा गारंटी की सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता और मैदानी स्तर पर प्रशासन की सक्रियता पर निरंतर जोर दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों की समीक्षा और प्रकरणों की सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी पात्र नागरिक अपनी समस्या के समाधान अथवा शासकीय सेवा के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न हो।


