Home इंदौर आधार सेवाओं को सुगम और प्रभावी बनाने कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई...

आधार सेवाओं को सुगम और प्रभावी बनाने कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आधार केंद्रों के सुचारू संचालन और नामांकन गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर दिया जोर, लिए गए कई जनहितैषी निर्णय कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय, कलेक्ट्रेट एवं बाकल और सिलौंडी में आधार किट मशीनें लगाने के दिए निर्देश

39
0

कटनी– कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा है कि आधार संबंधी सेवाओं को अधिक व्यवस्थित, विश्वसनीय और नागरिक हितैषी बनाएं, ताकि आधार कार्ड बनवाने से लेकर उसमें आवश्यक सुधार एवं अपडेट कराने तक नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह निर्देश बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ख़ासतौर पर मौजूद रहे। कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि आधार कार्ड बनवाने अथवा उसमें संशोधन और अपडेट कराने के लिए नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो और जिले में आधार सेवाएं अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित हों। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय, कलेक्ट्रेट कार्यालय सहित बाकल और सिलौंडी में आधार मशीन लगाकर यहां आधार संबंधी सभी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों और परिजनों का आना होता है, साथ ही यहां हर दिन करीब 25 से 30 प्रसव होते हैं इसलिए जिला चिकित्सालय में आधार किट मशीन स्थापित कर कार्य शुरू किया जाय।   बैठक में ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक श्री सौरभ नामदेव ने बताया कि जिले में कुल 52 आधार किट मशीनें हैं। जिनमें से अक्रियाशील है, इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि सभी अक्रियाशील आधार किट मशीनों को क्रियाशील कर अधिक जरूरत वाले स्थानों में शिफ्ट करायें। कलेक्टर श्री तिवारी ने आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्य में पारदर्शिता, सुचारू व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

          महिला बाल विकास परियोजना कार्यालय बहोरीबंद से एक आधार केंद्र को स्लीमनाबाद तहसील में स्थानांतरित कर आधार संबंधी सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए। तहसील रीठी में संचालित एक आधार केंद्र को बिलहरी उप तहसील में स्थानांतरित कर क्षेत्र वासियों को आधार संबंधी सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

नागरिकों को न हो अनावश्यक परेशानी

          कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि आधार आज नागरिकों की विभिन्न शासकीय एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में आधार बनवाने अथवा उसमें सुधार कराने के लिए आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने आधार केंद्रों के नियमित संचालन, व्यवस्थाओं की सतत निगरानी तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

          उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आधार केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

आधार सेवाओं की गुणवत्ता पर रहेगी निगरानी

          बैठक में आधार नामांकन एवं अपडेट से संबंधित गतिविधियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति द्वारा आधार केंद्रों के सुचारू संचालन, सेवाओं की उपलब्धता और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कई जनहितैषी निर्णय लिए गए।

          कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार को को इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के आधार टैबलेट मशीनों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में कैंप लगाकर 5 साल से कम आयु वर्ष के बच्चों का निःशुल्क नवीन आधार पंजीयन शत-प्रतिशत किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान को सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्यनरत समस्त छात्र-छात्राओं के शत-प्रतिशत आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट करायें जाने के निर्देश दिए।

          कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया  कि वे वर्तमान में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित आधार कैंप में विभागीय हितग्राहियों आधार पंजीयन एवं अपडेशन करने एवं 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के सभी बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्यता कराए जाने के निर्देश दिए गए ।

          बैठक में सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर, डीईओ सच्चिदानंद पांडे, डीपीसी प्रेमनारायण तिवारी,एलडीएम मेझरस किंडो,डीपीओ अब्दुल गफ्फार और पोस्ट आफिस के अधिकारियों की उपस्थिति रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here