कटनी– नगर निगम द्वारा बकायादार जलकर उपभोक्ताओं को जलकर राहत योजना के तहत कुल बकाया जलकर का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा करने पर 50 प्रतिशत छूट का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सुभाष चौक, डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड स्थित गौरी शंकर मंदिर एवं फॉरेस्टर वार्ड स्थित भीमराव चौक में जलकर राहत योजना के शिविर का आयोजन किया गया है।इन शिविरों में नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनके बकाया जलकर की राशि की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने हेतु आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराते हुए बकाया जलकर जमा करने के लिए सुविधा प्रदान की जा रही है।
योजना की जानकारी और भुगतान की सुविधा
नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को निगम कार्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े और वे अपने क्षेत्र में ही बकाया जलकर से संबंधित जानकारी प्राप्त कर योजना के तहत 50 प्रतिशत की छूट का लाभ उठा सकें।निगम प्रशासन ने बकायादार जलकर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आज आयोजित होने वाले शिविरों के अलावा नगर निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालय पहुंचकर अपने बकाया जलकर का निराकरण कराएं और 50 प्रतिशत छूट के इस अवसर का लाभ अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। निर्धारित अवधि 10 सितंबर के पश्चात योजना का लाभ उपलब्ध नहीं हो सकेगा।


