जबलपुर, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर तक किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में शासकीय मानकुंवर बाई कला एवं वाणिज्य महिला महाविद्यालय, नेपियर टाउन को केंद्र बनाया गया है। 6 दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। इसमें 11 सितंबर को परीक्षा सुबह 10
बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए संभाग के उप-आयुक्त राजस्व ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा व्यवस्था और संचालन के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुनीता मिश्रा को केन्द्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गोपनीय सामग्री को कोषालय से लाने, ले जाने तथा परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिथिवार अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें 7 एवं 8
सितंबर के लिए एकीकृत बालविकास सेवा के परियोजना अधिकारी वीकेस राय, 9 एवं 10 सितंबर के लिए सहायक क्रीडा अधिकारी भगवान सिंह दांगी और 11 एवं 12 सितंबर के लिए हिरन जल संसाधन संभाग की सहायक यंत्री सुश्री अस्मिता सराफ को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जल संसाधन मंडल के सहायक यंत्री अभिमन्यु पाण्डे तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक बृजेश मिश्रा को रिजर्व
प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है। उप आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार समस्त प्राधिकृत अधिकारी परीक्षा के दिनों में सुबह 8:30 बजे जिला कोषालय में उपस्थित होकर प्रश्नपत्र प्राप्त कर परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र में पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद समस्त परीक्षा सामग्री जिला कोषालय में
जमा करायेंगे। इसके साथ ही अधिकारियों को 3 सितंबर को यह घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि उनका कोई निकट संबंधी इस परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहा है।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए 3 सितंबर को दोपहर 12 बजे कमिश्नर कार्यालय जबलपुर संभाग के कोर्ट रूम में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में केन्द्राध्यक्ष, प्राधिकृत व रिजर्व अधिकारी, जिला कोषालय अधिकारी, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों की
उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

