कटनी – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा बकायेदार जलकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित जलकर राहत योजना का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी है। निगम की टीमों द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें योजना के तहत उपलब्ध 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया जलकर की राशि का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि की छूट का लाभ दिया जा रहा है। निगम कार्यालय सहित विभिन्न काउंटरों एवं निर्धारित माध्यमों से बुधवार को 143 उपभोक्ताओं द्वारा योजना का लाभ लेते हुए बकाया जलकर राशि जमा कर छूट प्राप्त की गई।निगम द्वारा लगातार उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देकर समय सीमा के भीतर बकाया जलकर जमा करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद ऐसे बकायेदार उपभोक्ता, जिन्हें योजना का लाभ लेने की जानकारी दिए जाने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को 10 बकायेदार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए हैं।निगम प्रशासन ने समस्त बकायेदार जलकर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाकर बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करें और शेष 50 प्रतिशत की छूट प्राप्त करें। इससे उपभोक्ताओं को बकाया राशि के भार से राहत मिलने के साथ ही निगम की जल प्रदाय व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी सहयोग मिलेगा।


