जबलपुर,
बीमारी से प्रभावित ग्रामों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 5 सितंबर 2026 को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके की उपस्थिति में बिरसा विकासखंड के बीमारी प्रभावित ग्रामों में पेयजल स्रोतों की सफाई एवं सुधार कार्य कराया गया। विभाग के हैंडपंप टेक्नीशियन द्वारा प्रभावित ग्रामों में हैंडपंपों की सफाई, आवश्यक सुधार कार्य तथा जलस्रोतों का क्लोरीनेशन किया गया। जलस्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ ही ग्रामीणों
को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्रवाई की गई। कार्यपालन यंत्री श्री
बी.एल. उइके ने मौके पर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को
निर्देशित किया कि बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां भी
आवश्यक हो, तत्काल सफाई, मरम्मत एवं क्लोरीनेशन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बीमारी प्रभावित ग्रामों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता
सुनिश्चित करने के लिए हैंडपंपों एवं अन्य जलस्रोतों की जांच, सफाई और क्लोरीनेशन का कार्य लगातार
जारी रखा जा रहा है। इससे ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ बीमारी की रोकथाम में
भी मदद मिलेगी।

