Home इंदौर “मानदेय विद्यार्थियों के नाम” – मेधावी बच्चों के सम्मान को समर्पित जिला...

“मानदेय विद्यार्थियों के नाम” – मेधावी बच्चों के सम्मान को समर्पित जिला पंचायत सदस्य सोनू पप्पू मिश्रा”* *मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत 10वीं-12वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगा नगद पुरस्कार*

25
0
कटनी -शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने की अभिनव पहल करते हुए जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10, बिलहरी की जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सोनू पप्पू मिश्रा ने अपने पूरे मानदेय की राशि से मेधावी छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले शासकीय विद्यालयों शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया परोहा,घुघरा,बिलहरी,निटर्रा, बांधा, देवगांव, हथकुरी एवं शासकीय हाई स्कूल रेपुरा,  बरखेरा, बड़ागांव ,घुड़हरी और बिरूहली ग्रामों में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं अथवा 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के आधार पर नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2100 रुपये, 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3100 रुपये तथा 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5100 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सोनू पप्पू मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभावान विद्यार्थी के उत्साह और सपनों में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से अपने पूरे मानदेय की राशि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
*30 सितंबर तक होगा पंजीयन*
सम्मान समारोह के लिए पात्र छात्र-छात्राओं से पंजीयन हेतु जानकारी आमंत्रित की गई है। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। पंजीयन के लिए विद्यार्थी को अपनी मार्कशीट की फोटो कॉपी तथा कोई एक पहचान पत्र फॉर्म के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा। इस पहल से वार्ड क्रमांक 10 के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों में उत्साह का संचार होने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर परिणाम प्राप्त करने की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here