कटनी – सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण को लेकर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आज से सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिकायतों की नियमित समीक्षा करने, लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने तथा संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन शासन की जनसमस्याओं के समाधान की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसमें दर्ज प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता से आवश्यक संपर्क, प्रकरण की वास्तविक स्थिति का परीक्षण और नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। शिकायतों को केवल औपचारिकता के लिए निराकृत न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान प्राथमिकता हो। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया कि वे स्वयं शिकायतों की प्रगति पर निगरानी रखें, लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दें। सीएम हेल्पलाइन में बेहतर प्रदर्शन के साथ आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

