कटनी – भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जबलपुर द्वारा भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 26 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रीवा में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया गया है। आयोजित होने वाली रैली में अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, मऊगंज, मैहर, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिलों के पुरुष अभ्यर्थी शामिल होंगे।
रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास) के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी। इसके अलावा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर (टेक्निकल) की भर्ती रैली 11 अक्टूबर 2026 को तथा अग्निवीर महिला (मध्यप्रदेश) जनरल ड्यूटी की भर्ती रैली 14 अक्टूबर 2026 को इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में आयोजित की जाएगी।
जून में हुई थी ऑनलाइन परीक्षा
सेना द्वारा जून 2026 में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) आयोजित किया गया था। इसमें उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को आगे की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, जिसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा भी शामिल है। रैली में भाग लेने वाले पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र उनके पंजीकृत ई-मेल पर भेज दिए गए हैं।
प्रवेश पत्र व दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ रैली अधिसूचना में निर्धारित सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती संबंधी सभी निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करें।
दलालों से रहें सावधान
भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जबलपुर ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। अभ्यर्थियों को दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। भर्ती संबंधी किसी भी स्पष्टीकरण के लिए भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जबलपुर के दूरभाष नंबर 7247028996 पर संपर्क किया जा सकता है।

