कटनी – जिला पोषण समिति की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पोषण, स्वास्थ्य, शाला पूर्व शिक्षा एवं महिला-बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और मैदानी स्तर पर सेवाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, सहायक संचालक सहित महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री वनश्री कुर्वेती सहित महिला एवं बाल विकास के अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गतिविधियों की नियमित हो प्रविष्टि
कलेक्टर श्री तिवारी ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। परियोजना अधिकारियों को आयोजित गतिविधियों की नियमित प्रविष्टि जन आंदोलन पोर्टल पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
3 से 6 वर्ष के बच्चों का आंगनवाड़ी में हो पंजीयन
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के क्षेत्र में आने वाले 3 से 6 वर्ष आयु के सभी बच्चों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से संपर्क सहित आवश्यक प्रयास करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में दी जा रही शाला पूर्व शिक्षा को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
मिले गर्म पका भोजन और टीएचआर
आईसीडीएस सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी पात्र हितग्राहियों को गर्म पका भोजन एवं टीएचआर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आईसीडीएस सेवाओं के प्रभावी प्रदाय और मैदानी स्तर पर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
सैम-मैम बच्चों का सही चिन्हांकन
कलेक्टर ने सैम एवं मैम बच्चों के सही चिन्हांकन के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत शत-प्रतिशत बच्चों का वजन कराने के निर्देश दिए। परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को नियमित फील्ड भ्रमण कर बच्चों की स्थिति एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया।
कुपोषित बच्चों की नियमित हो फॉलोअप
मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों के उचित प्रबंधन और निरंतर फॉलोअप पर जोर दिया गया। प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में सैम एवं मैम बच्चों की व्यक्तिगत प्रोफाइल तैयार कर नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
दिव्यांगता की पहचान और रिफरल व्यवस्था करें मजबूत
बच्चों में दिव्यांगता की जल्द पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण, रिफरल तथा संबंधित सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।
आभा, अपार आईडी और समग्र सत्यापन में तेजी के निर्देश
बैठक में आभा आईडी, अपार आईडी निर्माण एवं हितग्राहियों के समग्र सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री तिवारी ने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सभी पात्र हितग्राही हों लाभान्वित
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लक्ष्यपूर्ति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी भवन और शौचालय निर्माण में आए तेजी
आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण, शौचालय निर्माण तथा सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। लंबित कार्यों में गति लाने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व विभाग से समन्वय करने के निर्देश परियोजना अधिकारियों को दिए गए।
सेवा से संकल्प अभियान
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा से संकल्प’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी सहायिका सम्मानित
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्र खरगवां, परियोजना बहोरीबंद की आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती मिथलेश लोधी को आंगनवाड़ी केंद्र संचालन, स्कूल पूर्व शिक्षा एवं आईसीडीएस सेवा प्रदाय में उत्कृष्ट कार्य के लिए कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

