कटनी – शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में पदस्थ मुख्य लिपिक श्री राकेश दुबे के शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, जबलपुर में रजिस्ट्रार पद पर पदोन्नति होने पर भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ ने उपस्थित होकर श्री दुबे को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने श्री दुबे के कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ किया। उनके कार्य व्यवहार, सहयोगी भावना एवं प्रशासनिक दक्षता से महाविद्यालय के कार्यों के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने श्री दुबे के उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन दायित्व में सफलता की कामना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री दुबे के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके सरल, सहज एवं सहयोगात्मक व्यक्तित्व की सराहना की। श्री राकेश दुबे ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां बिताया कार्यकाल उनके लिए सदैव विशेष और यादगार रहेगा। उन्होंने सहकर्मियों से मिले सहयोग एवं स्नेह के लिए सभी का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने श्री राकेश दुबे को पदोन्नति एवं नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई देते हुए भावभीनी विदाई दी।


