कटनी – स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत संचालित “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान के तहत जनपद पंचायत कटनी की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पूर्व से चिन्हित गंदे स्थलों की ग्रामवासियों की सहभागिता से साफ-सफाई की जा रही है। साथ ही आमजन को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि “स्वच्छता में सहभागिता–स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कटनी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कटनी श्री प्रदीप सिंह के मार्गदर्शन में जनपद क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में निर्धारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बडेरा में पूर्व से चिन्हित गंदे स्थल की ग्रामवासियों की सहभागिता से साफ-सफाई की गई। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
गतिविधियों के निरीक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयक श्री जग्गी पटेल द्वारा ग्राम पंचायत बडेरा का भ्रमण किया गया। उन्होंने अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा आगामी गतिविधियों के प्रभावी आयोजन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शासकीय माध्यमिक शाला बडेरा में विद्यार्थियों के लिए “स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, स्वच्छ ग्राम एवं विकसित भारत की संकल्पना को अपने चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपयंत्री श्री मुकेश चक्रवर्ती, सरपंच, सचिव, विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


