कटनी – जलकर राहत योजना का लाभ अधिक से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए नगर निगम का राजस्व अमला अब पूरी तरह अभियान मोड में आ गया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा मंगलवार शाम जलकर वसूली की समीक्षा के दौरान लक्ष्य अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दिए गए सख्त निर्देशों के अगले ही दिन बुधवार को राजस्व टीमों ने दल-बल के साथ विभिन्न वार्डों में सघन अभियान चलाया।राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी श्री सागर नायक एवं सहायक यंत्री श्री मृदुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीमों ने बड़े बकायेदारों सहित अन्य उपभोक्ताओं से डोर-टू-डोर संपर्क कर उन्हें योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट की जानकारी दी। अभियान के दौरान 173 उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाते हुए बकाया राशि निगम कोष में जमा कराई गई।वहीं, योजना की जानकारी और पर्याप्त अवसर दिए जाने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले रिकॉर्ड 94 उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए। कुछ उपभोक्ताओं द्वारा एक दिवस का समय मांगे जाने पर उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है।
10 अक्टूबर के बाद नहीं मिलेगा अवसर
राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि जलकर राहत योजना की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 है। अब योजना का लाभ लेने के लिए सिर्फ दो दिन शेष हैं। निगम द्वारा शेष समय में अधिक से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने के लिए सघन वसूली अभियान जारी रहेगा।निगम प्रशासन ने बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। आज ही बकाया जलकर जमा कर 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर योजना का लाभ नहीं मिलेगा तथा नियमानुसार नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी।

