कटनी – जिले के विधानसभा क्षेत्रों के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को आगामी सात दिवस के भीतर विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसमें उद्योग, कृषि, वन उत्पाद, रोजगार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों की विकास संभावनाओं को चिह्नित कर योजनाएं प्रस्तावित की जाएंगी।
मध्यप्रदेश शासन के योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निर्देशानुसार तैयार होने वाले इस विजन डॉक्यूमेंट में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा और समीक्षा के बाद विकास कार्यों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके आधार पर आवश्यक प्रस्ताव संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे।
तीन भागों में तैयार होगा विकास का खाका
निर्धारित प्रारूप के अनुसार विधानसभा क्षेत्रवार विकास योजना तीन भागों में तैयार की जाएगी। पहले भाग में विधानसभा क्षेत्र की सामान्य जानकारी, जनसंख्या, सामाजिक संरचना, धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र, मेले-आयोजन, प्रमुख फसलें, उद्योग तथा शासकीय विभागों से संबंधित आंकड़े शामिल होंगे। इसके साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, जलापूर्ति, इंटरनेट एवं संचार सुविधाओं, भारतनेट और संचार सेवाओं से वंचित क्षेत्रों की जानकारी भी संकलित की जाएगी।
दूसरे भाग में स्वीकृत एवं प्रगतिरत महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विवरण दर्ज होगा। इसमें कार्य का नाम, संबंधित विभाग, लागत, वर्तमान प्रगति तथा कार्य प्रारंभ और पूर्ण होने की निर्धारित तिथि का उल्लेख किया जाएगा।
उद्योग, कृषि और रोजगार पर रहेगा जोर
विजन डॉक्यूमेंट के तीसरे भाग में विधानसभा क्षेत्र की विकास संभावनाओं के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना तैयार होगी। उद्योग क्षेत्र में खनिज संसाधन, औद्योगिक निवेश, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, कुटीर उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
कृषि एवं वन उत्पाद क्षेत्र में कृषि विकास, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, वन, सहकारिता तथा कृषि आधारित रोजगार को बढ़ावा देने से संबंधित प्रस्ताव शामिल होंगे। वहीं सेवा क्षेत्र में पर्यटन, संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विमानन, खेल, कौशल विकास और रोजगार सहित अन्य संभावनाओं के आधार पर विकास योजनाएं प्रस्तावित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री स्तर पर होगी समीक्षा
विधानसभा क्षेत्रों की विकास योजनाओं की मुख्यमंत्री स्तर पर समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कटनी, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा के अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित विधायकों से चर्चा एवं अनुमोदन प्राप्त कर निर्धारित प्रारूप में विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें और इसकी सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी आगामी सात दिवस में कलेक्टर कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें।


