कटनी – शासकीय आईटीआई कटनी के प्रशिक्षार्थी प्रिंस रैकवार ने परीक्षा परिणाम में प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त कर संस्था और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, कड़ी मेहनत और प्रशिक्षार्थियों के निरंतर मार्गदर्शन से मैकेनिक डीजल व्यवसाय का लगातार दूसरे वर्ष शानदार प्रदर्शन रहा है।
प्रशिक्षार्थी प्रिंस रैकवार की इस उपलब्धि में मैकेनिक डीजल व्यवसाय के तत्कालीन प्रशिक्षण अधिकारी श्री मुकेश कुमार तिवारी एवं श्रीमती निधि द्विवेदी सहित समस्त विषय विशेषज्ञों के प्रयासों और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी मेहनत और समर्पण से संस्था को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
संयुक्त संचालक कौशल विकास, क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर, डॉ. श्री अर्पित शुक्ला ने प्रशिक्षार्थी प्रिंस रैकवार को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्राचार्य एवं संस्था के समस्त परिवार को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।


