जबलपुर,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर
पहुँचकर शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने
उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढाँढस बँधाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि
इस कठिन समय में सरकार पूरी ताकत के साथ आप सबके साथ खड़ी है। सभी घायलों का बेहतर से
बेहतर उपचार कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा
भी सरकार उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री
ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट तथा सांसद श्री
भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी ट्रॉमा सेंटर पहुँचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने
चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को
सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ उनके उपचार की निरंतर समीक्षा करने के
निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार व्यवस्था पर सतत नजर रखें
और मरीजों तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि
प्रदेश सरकार ने दु:खद घटना के मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल
व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक
सहायता सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को
बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की गहन जाँच के निर्देश दिए
गए हैं। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे, उनके
खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत में स्थित शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में
घायल 7 लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। इनमें ग्वालियर के
हुजरात पुल क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय श्री संजय शर्मा और सिंधियानगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना गंभीर
अवस्था में भर्ती हैं। इसके अलावा माधवीनगर खताईपुरा निवासी 20 वर्षीय श्री शुभम राठौर, हजीरा क्षेत्र
निवासी 40 वर्षीय सोनू, ठाठीपुर निवासी 19 वर्षीय श्री अभिषेक जाटव, टेकनपुर निवासी 28 वर्षीय श्री
राजबहादुर क्षेत्री तथा श्योपुर जिले के दूजापुर गाँव निवासी सात वर्षीय बालक दिव्यांश का भी उपचार भी
ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने सभी घायलों और उनके
परिजन से भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। अपेक्स बैंक
के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत, श्री जयप्रकाश
राजौरिया एवं श्री प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण ट्रॉमा सेंटर पहुँचे थे।

