कटनी – जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, झिंझरी में जिला स्तरीय युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शासकीय आईटीआई एवं शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय कटनी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें जिले, प्रदेश एवं प्रदेश के बाहर की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां और संस्थान शामिल होकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे। मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक एवं अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाले पात्र युवक-युवतियां अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने और अप्रेंटिसशिप के माध्यम से कौशल विकास एवं कार्यानुभव प्रदान करने के प्रयास भी किए जाएंगे। प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा एवं युवा संगम रोजगार मेला प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर मेले में उपस्थित होने की अपील की है। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, आधार कार्ड, बायोडाटा या रिज्यूमे, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लानी होगी।

