कटनी – जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर 2026 को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, झिंझरी, कटनी में जिला स्तरीय युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित होने वाला यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शासकीय आईटीआई एवं शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय कटनी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले में जिले सहित प्रदेश एवं प्रदेश के बाहर की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां एवं संस्थान शामिल होकर योग्य युवक-युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
2280 पदों पर भर्ती के अवसर
प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा ने बताया कि युवा संगम रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 20 कंपनियों द्वारा कुल 2280 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें ग्रेट आर्गनिक डायमंड प्राईवेट शुगर लिमिटेड में सेल्स ऑफिसर के 100 पदों, वर्धमान यार्नस (मंडीदीप) में मशीन ऑपरेटर के 120, कैप्सटन सिक्योरिटी (हैदराबाद) में सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 200, ट्राईडेंट इंडिया लिमिटेड (बुधनी भोपाल) में मशीन ऑपरेटर के 50 पदों तथा एचडीएफसी लाईफ इंश्योरेंस (कटनी) में एबीएम के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी।इसी प्रकार एमआरएफ टायर्स (हैदराबाद ) में अप्रेंटिसशिप के 100, लवली ऑटोमोबाइल (कटनी ) में अकाउंटेंट, मैकेनिक एवं इलेक्ट्रीशियन के 4, ट्रैक कंपोनट्स लिमिटेड (नाशिक) में 200 तथा आईसेक्ट पीएमकेके कटनी में बीडीई एवं आईटी ट्रेनर के 5 पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। वहीं सहयोग बैंक कटनी में बीडीई एवं बीडीओ के 15 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।जबकि जोबिल सर्किट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (पुणे ) द्वारा मशीन ऑपरेटर, क्वालिटी, प्रोडक्शन एवं असेंबली लाइन के करीब 300 पदों पर अवसर दिए जाएंगे। वहीं साईंकृपा फेसिलिटीज मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (पुणे ) में हेल्पर, प्रेस ऑपरेटर, सीओटू वेल्डर एवं डिप्लोमा योग्य अभ्यर्थियों के लिए करीब 200 पदों पर भर्ती होगी।इसी प्रकार बांन्को इंडिया प्रोडक्ट लिमिटेड (वड़ोदरा, गुजरात) में मैकेनिकल ऑपरेटर एवं रोबोट ऑपरेटर के 200, इंटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (पुणे , महाराष्ट्र ) में लेजर मशीन ऑपरेटर, सीएनसी, वीएमसी एवं एमआईजी वेल्डर के 300 पदों पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। जबकि मूंगजी इंजीनियर प्राइवेट लिमिटेड (पुणे , महाराष्ट्र ) में भी लेजर मशीन ऑपरेटर, सीएनसी , वीएमसी एवं एमआईजी वेल्डर के करीब 200 पदों पर भर्ती की जाएगी।इसके अलावा श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस (विजयराघवगढ़, कटनी) में सेल्स ऑफिसर एवं टेली-कॉलिंग के 40, अन्नागुमा फाइनेंस ग्रोइंग टुगेदर (कटनी) में फील्ड क्रेडिट ऑफिसर एवं डेवलपमेंट ऑफिसर के 100, प्रीमियर रिफ्रेक्ट्री (कटनी) में वर्कशॉप हेल्पर, किल्न ऑपरेटर एवं बैक ऑफिस मार्केटिंग के 10, सिटी मॉल कटनी में हार्डवेयर/सॉफ्टवेयर मैनेजर एवं सिक्योरिटी गार्ड के 6 तथा वैष्णवी मैनपॉवर (पुणे , महाराष्ट्र ) में आईटीआई वेल्डर आदि के 100 पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
आठवीं से स्नातक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग
मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, ITI, पॉलिटेक्निक, डिप्लोमा, स्नातक एवं अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाले पात्र युवक-युवतियां अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। विभिन्न कंपनियों द्वारा पद के अनुसार अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल की आवश्यकता निर्धारित की गई है।रोजगार के साथ ही युवाओं को अप्रेंटिसशिप के माध्यम से कौशल विकास एवं कार्यानुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। वहीं स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को स्वरोजगार संबंधी योजनाओं एवं संभावनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मेले में सीधे भर्ती और साक्षात्कार का अवसर
मेले की प्रमुख विशेषता यह है कि निजी कंपनियों द्वारा सीधी भर्ती, अप्रेंटिसशिप के अवसर, स्थल पर पंजीयन एवं साक्षात्कार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न सेक्टरों में रोजगार के साथ युवाओं को स्वरोजगार एवं कैरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती विश्वकर्मा एवं युवा संगम रोजगार मेला प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर मेले में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अभ्यर्थियों को मेले में अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा/रिज्यूमे, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि हो) की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक होगा।

